
गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। खोड़ा कॉलोनी, गली नं.13 मास्टर पार्क में मानव उत्थान सेवा समिति (रजि.) शाखा–खोड़ा कॉलोनी (उ.प्र.) द्वारा श्री हंस जयंती के उपलक्ष्य में दिनांक – 25 अक्टूबर शनिवार को एकदिवसीय सद्भावना सत्संग समारोह एवं प्रभातफेरी का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन सुविख्यात श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा से किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, सद्भावना और आध्यात्मिक जागृति का संदेश प्रसारित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे लॉर्ड शिवा पब्लिक स्कूल से प्रभात फेरी के रूप में हुई, जो खोड़ा कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक नारों के माध्यम से जनजागरण का संदेश दिया।
इसके उपरांत सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक सत्संग, भजन एवं प्रवचन सत्र आयोजित हुआ। दोपहर 1 बजे से भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सत्संग कार्यक्रम में प्रमुख संत-महात्माओं महात्मा श्री स्वरूपा बाई जी, महात्मा श्री विनायकानंद जी, महात्मा प्रेमपरागा नंद जी एवं भारती बाई जी- ने अपने प्रेरणादायक प्रवचनों से श्रद्धालुओं को जीवन में आध्यात्मिकता अपनाने का संदेश दिया। उनके उपदेशों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने इसे अत्यंत प्रेरणादायक और सफल आयोजन बताया। कार्यक्रम की सफलता में मानव सेवा दल और यूथ टीम का विशेष योगदान रहा।

अंत में मानव उत्थान सेवा समिति, शाखा खोड़ा कॉलोनी के प्रतिनिधियों ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया।



