Homeसामाजिक

नवरात्रि अवसर पर महापौर ने नवजात कन्याओं को किया सम्मानित

गाजियाबाद, 6 अक्टूबर। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत गाजियाबाद जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कन्या जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्य रूप से वन स्टॉप सेंटर की दोनों यूनिटों द्वारा जनपद के विभिन्न अस्पतालों में नवजात कन्याओं का स्वागत किया गया।
जिला संयुक्त चिकित्सालय, गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मेयर श्रीमती सुनीता दयाल ने की। मेयर ने इस मौके पर नवजात कन्याओं के जन्म का जश्न केक काटकर मनाया और उन्हें बेबी किट व मिष्ठान देकर सम्मानित किया। मेयर ने नवजात कन्याओं के परिवारों को बधाई देते हुए कन्याओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का आयोजन महिला कल्याण विभाग के विधि सह परिवीक्षा अधिकारी लोकेन्द्र सिंह के सहयोग से किया गया, जिन्होंने मेयर का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मोदीनगर में आयोजित दूसरे कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला जज श्री कुमार मिताकक्षर और ब्लॉक प्रमुख भोजपुर श्रीमती सुचेता सिंह ने की। यहां भी नवजात कन्याओं के जन्म का जश्न केक काटकर मनाया गया और उन्हें बेबी किट व मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया। वन स्टॉप सेंटर यूनिट-2 की मैनेजर सुश्री दीपाली देवी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभागद्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना इत्यादि का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा जैसी महत्वपूर्ण हेल्पलाइनों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक, चिकित्साधिकारी, वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या रोकने, महिला सशक्तिकरण और नवजात कन्याओं के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button