Homeअध्यात्मगाजियाबादसामाजिक

गाजियाबाद: शांति विहार में श्रद्धा के साथ मनाई गई दुर्गा अष्टमी, कन्या पूजन कर लिया आशीर्वाद

(आनन्द धारा/पवन शर्मा)

गाजियाबाद। संजय नगर स्थित शांति विहार में गुरुवार, 26 मार्च को श्री दुर्गा अष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय निवासी दीपक भारद्वाज और श्रीमती रेखा भारद्वाज के आवास पर विशेष रूप से कन्या पूजन का आयोजन किया गया। छोटी-छोटी बालिकाओं को देवी का स्वरूप मानकर उनका विधिवत पूजन किया गया, उन्हें स्वादिष्ट भोजन कराया गया और दक्षणा भेंट कर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया गया।

पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। घर-घर में पूजा-पाठ और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी।

दुर्गा अष्टमी के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। कई स्थानों पर कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं का सम्मान किया गया।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

वहीं बाजारों में भी पर्व की रौनक देखने को मिली। पूजा सामग्री, फल-फूल और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी रही। कुल मिलाकर दुर्गा अष्टमी का यह पर्व पूरे क्षेत्र में आस्था, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button