
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी का संयुक्त समारोह अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। यह विशेष आयोजन श्रीमती कविता सरना तथा यात्री जी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत,ध्वजारोहण तथा राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों,कविताओं तथा नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के बलिदान और महत्व को दर्शाया। स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साह देखने योग्य था।

जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने श्री कृष्ण जन्म तथा उनकी लीलाओं की सजीव झांकियां प्रस्तुत की जिनकी भव्यता ने सभी को भाव विभोर कर दिया। विद्यालय का वातावरण श्री कृष्ण के भक्ति गीतों से गूंज उठा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रास-लीला और कृष्ण लीला की नाट्य प्रस्तुतियों अत्यंत सराहनीय रही। इस अवसर पर श्रीमती कविता सरना ने बच्चों को श्री कृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह दी और कहा श्री कृष्ण केवल भगवान नहीं बल्कि हम सभी को प्रेरणा देने वाले आदर्श हैं चाहे वह ज्ञान हो कर्तव्य हो प्रेम हो या नीति। यात्री जी ने बच्चों के साथ संवाद कर बच्चों को जीवन जीने की सीख दी।

इस भव्य आयोजन ने विद्यार्थियों,अभिभावकों,और शिक्षकों के बीच सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना को प्रगाढ़ किया। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम था बल्कि एक शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक अनुभव भी रहा।



