
नई दिल्ली,(आनन्द धारा न्यूज़)। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाते हुए नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। इस शो का निर्देशन आर्यन खान ने किया है। वानखेड़े ने शाहरुख और गौरी खान की प्रोडक्शन कंपनी *रेड चिलीज एंटरटेनमेंट*, नेटफ्लिक्स और अन्य पक्षों से दो करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है।
वानखेड़े का आरोप है कि इस सीरीज में उनका झूठा, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक चित्रण किया गया है। शो में एक नशीली दवाओं प्रवर्तन अधिकारी का किरदार दिखाया गया है, जो 2021 के चर्चित क्रूज ड्रग्स केस में हुए छापे से मिलता-जुलता है। वानखेड़े का कहना है कि यह प्रस्तुति जानबूझकर उनके खिलाफ पक्षपातपूर्ण ढंग से की गई है और इससे न केवल उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हुई है, बल्कि नशीली दवाओं के खिलाफ काम करने वाली एजेंसियों की छवि भी प्रभावित हुई है।
उन्होंने कोर्ट से गुहार लगाई है कि यह सीरीज कानून प्रवर्तन पर जनता का भरोसा कमजोर करती है और इसे रोकना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने एक आपत्तिजनक दृश्य पर भी सवाल उठाया है, जिसमें एक पात्र “सत्यमेव जयते” कहने के तुरंत बाद अश्लील इशारा करता है। वानखेड़े का कहना है कि यह राष्ट्रीय प्रतीक के नारे का अपमान है और 1971 के राष्ट्रीय सम्मान के अपमान निवारण अधिनियम का उल्लंघन है।

गौरतलब है कि समीर वानखेड़े और आर्यन खान से जुड़ा मामला पहले से ही बंबई हाई कोर्ट और विशेष एनडीपीएस कोर्ट में लंबित है। अब यह विवाद ओटीटी प्लेटफॉर्म तक पहुँच गया है, जिससे आर्यन खान एक बार फिर कानूनी घेरे में आ गए हैं।



