
गुरुग्राम। सोमवार दोपहर से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे एनसीआर की रफ्तार थाम दी है। गुरुग्राम की सड़कों पर जगह-जगह जलभराव से यातायात ठप हो गया। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर, रामपुर, नोरंगपुर और नरसिंहपुर गांव डूबने से हाईवे पर रजोकरी बॉर्डर तक करीब 20 किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया।
बारिश के कारण लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे और ऑफिस से घर लौटने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, नोएडा और गुरुग्राम के प्रमुख इलाकों में भी जलभराव से हालात बिगड़ गए। गुरुग्राम जिले के वजीराबाद इलाके में सबसे अधिक 85 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अन्य तहसीलों में भी अलग-अलग स्तर पर बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी रही।
बारिश और जाम के चलते सोशल मीडिया पर भी लोग प्रशासन को कोसते नज़र आए। फिलहाल यातायात पुलिस और प्रशासन की टीम सड़क से पानी निकालने और ट्रैफिक को सुचारू करने में जुटी हुई है।



