
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। जिला न्यायालय परिसर में 13 सितम्बर, शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार-चतुर्थ ने की। इस अवसर पर ट्रिब्यूनल जिला जज संजय वीर सिंह, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय परवेन्द्र कुमार शर्मा, विशेष न्यायाधीश सीबीआई प्रमेन्द्र कुमार, विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट नीरज गौतम, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत गौरव शर्मा एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुमार मिताक्षर सहित कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
लोक अदालत का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन से हुआ। इस दौरान अनिल कुमार ने कहा कि लोक अदालत में वादों के निस्तारण से जनता का विश्वास न्यायपालिका में और मजबूत हुआ है तथा लंबित मामलों का बोझ कम हुआ है। उन्होंने अपील की कि सभी अधिकारी व अधिवक्ता इस दिशा में और गंभीर प्रयास करें।
संजय वीर सिंह ने स्वर्गीय जिला जज आशीष गर्ग को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा लोक अदालत को बेहतर ढंग से संचालित करने की प्रेरणा देते थे। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देंगे।
आयोजन में कुल 1,86,634 वादों का निस्तारण किया गया। इनमें सुलह योग्य/शमनीय 66,600 वाद शामिल रहे। अर्थदंड से दंडनीय मामलों में 11.31 करोड़ रुपये वसूले गए।
परिवार न्यायालय में वैवाहिक एवं भरण-पोषण से संबंधित 233 मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-सहमति से हुआ।
मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर से जुड़े 10 मामलों में कुल 3.23 करोड़ रुपये का भुगतान पक्षकारों को कराने का आदेश पारित किया गया।
बैंक लोन रिकवरी/बीएसएनएल से जुड़े 434 मामलों में 30.40 लाख रुपये की वसूली सुनिश्चित की गई।
राजस्व न्यायालयों से जुड़े 1,19,131 मामलों का भी निस्तारण किया गया।
लोक अदालत के सफल आयोजन में अधिवक्ताओं ने भी सक्रिय सहयोग दिया। आयोजन के दौरान न्यायालय परिसर में जनता की भारी भीड़ उमड़ी और वातावरण न्यायमय एवं जनोन्मुखी दिखाई दिया।



