
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। भारत सरकार रक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की गाजियाबाद इकाई ने दिनांक 20 सितम्बर 2025 को जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। संस्था ने ज्ञापन के माध्यम से जिला सैनिक कार्यालय स्थित सभागार को निशुल्क उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है, जिससे सैनिक परिवारों के लिए कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व आवश्यक सेवाएं सुलभ कराई जा सकें।
ज्ञापन में बताया गया कि संस्था जनपद गाजियाबाद में निवासरत पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों के परिजनों तथा शहीद परिवारों के हित में कार्य करती है। संस्था द्वारा समय-समय पर मेडिकल कैंप, लीगल एड कैम्प, शहीद सम्मान समारोह तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि जिला सैनिक कार्यालय में दो सभागार मौजूद हैं, जिनका उपयोग इस प्रकार के आयोजनों के लिए किया जा सकता है। किंतु, जिला सैनिक अधिकारी न तो स्वयं कोई ऐसा आयोजन करते हैं और न ही संस्था को सभागार उपयोग की अनुमति देते हैं। इस कारण सैनिक परिवार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से वंचित रह जाते हैं।

संस्था ने अनुरोध किया है कि माह में कम से कम एक बार, किसी शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला सैनिक कार्यालय के सभागार को उनके लिए उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे सैनिक परिवारों के लिए कार्यक्रम आयोजित कर सकें।
तथा इसी कड़ी में संस्था ने अथिति गणों का सम्मान कर संस्था का परिचय दिया।

ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष वैटरन, एडवोकेट बी.सी. बंसल (Ex-IAF), महामंत्री वैटरन सुरेन्द्र कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष वैटरन S/M आर.एन. सिंह तथा उपाध्यक्ष वैटरन चौ. महीपाल सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।



