Homeनई दिल्लीसामाजिक

गिनीज रिकॉर्ड के साथ ‘उद्गार 2025’ का ऐतिहासिक समापन, इस्कॉन गाज़ियाबाद को मिला विशेष सम्मान, प्रधानमंत्री मोदी ने सराहा प्रयास

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 12 अक्टूबर 2025 को इस्कॉन यूथ फोरम द्वारा आयोजित ‘उद्गार 2025’ देश का अब तक का सबसे बड़ा युवा आध्यात्मिक महोत्सव बनकर सामने आया। इस ऐतिहासिक आयोजन में पूरे भारतवर्ष से लगभग 20,000 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से, इस्कॉन गाज़ियाबाद के प्रतिभागियों की संख्या सर्वाधिक रही, जिसके लिए संस्था को मंच पर सम्मानित किया गया।

इस विराट आयोजन का नेतृत्व और मार्गदर्शन इस्कॉन के वरिष्ठ संत श्रीमान सुन्दर गोपाल प्रभु जी के निर्देशन में हुआ, जिनकी प्रेरणा और योजना से यह कार्यक्रम एक ऐतिहासिक सफलता में परिवर्तित हुआ।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आयोजन को एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए शुभकामना पत्र भेजा। अपने संदेश में उन्होंने ‘उद्गार 2025’ की सफलता की कामना करते हुए इस्कॉन के इस प्रयास को राष्ट्र निर्माण और सनातन संस्कृति के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर मंच की शोभा बढ़ाने वाले प्रमुख अतिथियों में केंद्रीय श्रम, युवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत प्रमुख रहे। कार्यक्रम में प्रेरक और मनोरंजन जगत से भी कई चर्चित हस्तियों ने हिस्सा लिया, जिनमें अभिनेत्री आदाह शर्मा, मोटिवेशनल स्पीकर्स डॉ. विवेक बिंद्रा और सोनू शर्मा, तथा लोकप्रिय रेडियो जॉकी आरजे रौनक शामिल रहे। इन्होंने युवाओं को प्रेरणा, आत्मविश्वास और मूल्यों से जुड़े संदेश दिए।

आध्यात्मिक सत्र कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें इस्कॉन के संतों-आदिकर्ता प्रभु, दमोदर लीला प्रभु और दुष्यंत गौतम प्रभु ने युवाओं को भक्ति, जीवन मूल्य और चरित्र निर्माण पर मार्गदर्शन दिया। देश-विदेश से आए वरिष्ठ आध्यात्मिक गुरुओं ने भी अपने अनुभवों के माध्यम से उपस्थित युवाओं का मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर क्रिड़ा भारती गाज़ियाबाद के महानगर अध्यक्ष एवं अखंड भारत मिशन के संस्थापक श्री अश्वनी शर्मा ने आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर देने के लिए दमोदर लीला दास प्रभु को विशेष धन्यवाद भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान एक और विशेष उपलब्धि दर्ज की गई, जब ‘उद्गार 2025’ के मंच पर एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की स्थापना की गई, जिससे यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ऐतिहासिक बन गया। साथ ही, हज़ारों प्रतिभागियों के लिए प्रसाद रूपी भोजन की व्यवस्था बेहद अनुशासित और प्रभावशाली रही, जिससे इस्कॉन की सेवा परंपरा की भव्य झलक देखने को मिली, हरे कृष्ण महामंत्र की धुन पर सभी हजारों भक्तों ने एक साथ नृत्य किया।

इस विशेष अवसर पर अश्वनी शर्मा ने कहा-
“उद्गार 2025 केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक युवा सांस्कृतिक जागरण है। इसने यह स्पष्ट कर दिया है कि आज का युवा अपनी संस्कृति, आध्यात्मिकता और राष्ट्र सेवा के प्रति जागरूक और प्रतिबद्ध है। मैं इस्कॉन गाज़ियाबाद को उनकी सक्रिय भागीदारी और इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ।”
‘उद्गार 2025’ ने यह सिद्ध कर दिया कि भारत का युवा वर्ग न केवल तकनीकी और व्यावसायिक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर रहा है, बल्कि वह अपनी सनातन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना से भी जुड़ा हुआ है। यह आयोजन युवा पीढ़ी के भीतर राष्ट्र प्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और आध्यात्मिक उन्नति का सशक्त माध्यम बना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button