Homeयात्रा

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, विमान दुर्घटना में कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह सुरक्षित

बहराइच/कैसरगंज,(आनन्द धारा न्यूज़)। देवीपाटन मंडल के बहराइच जिले की कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह शुक्रवार को एक संभावित हवाई हादसे से बाल-बाल बच गए। मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण उनका हेलीकॉप्टर बिहार में एक किसान के खेत में आपातकालीन रूप से उतारना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, बृजभूषण शरण सिंह बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के सिलसिले में अपने निजी हेलीकॉप्टर से दो विधानसभाओं में आयोजित सभाओं को संबोधित करने के लिए रवाना हुए थे। पहली सभा को संबोधित करने के बाद जैसे ही वे दिनार विधानसभा की ओर उड़ान भर रहे थे, तभी मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाएं और घने बादलों के कारण दृश्यता कम हो गई, जिससे पायलट को मजबूरन आपात लैंडिंग करनी पड़ी।

पायलट की सूझबूझ और तत्परता से हेलीकॉप्टर को बिहार के एक किसान के खेत में सुरक्षित उतार लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। विमान में सवार सभी लोग, जिनमें बृजभूषण शरण सिंह भी शामिल थे, पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं।

पूर्व सांसद ने अपने समर्थकों को डिजिटल माध्यम से वीडियो जारी कर अपनी कुशलक्षेम की जानकारी दी। उन्होंने कहा – “हम सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। सभा समाप्त कर जैसे ही दिनार के लिए निकले, मौसम बिगड़ गया। पायलट ने समझदारी से खेत में हेलीकॉप्टर उतार दिया। यह भगवान की कृपा और पायलट की सूझबूझ से संभव हुआ।”

उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि “हेलीपैड पर एक बच्चे को गोद में उठाया था, शायद उसी बच्चे का आशीर्वाद था कि हम सब सुरक्षित हैं।” इस घटना के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली और भगवान का आभार जताया कि पूर्व सांसद सुरक्षित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button