
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हाल ही में सम्पन्न हुए उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 की तर्ज पर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में स्वदेशी मेला प्रदर्शनी आयोजित किए जाने के निर्देश के क्रम में, जनपद गाजियाबाद में भी यह आयोजन होने जा रहा है।

10 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक रामलीला ग्राउंड, सेक्टर-23, संजय नगर में स्वदेशी मेला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, माटी कला बोर्ड, ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, ओडीओपी (ODOP), विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम,* और *मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना से जुड़ी इकाइयों के साथ-साथ विभिन्न स्वयं सहायता समूह, बैंकर्स और स्थानीय उद्यमी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। मेले में हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, खादी, मिट्टी कला, हैंडलूम, खाद्य उत्पाद आदि के आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में 8 अक्टूबर 2025 को बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने मेला आयोजन से संबंधित शासनादेशों और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, अग्निशमन, विद्युत व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा *सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर सूर्यबली मौर्य को ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था,मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल को अग्नि सुरक्षा, सहायक नगर आयुक्त श्रीमती पल्लवी सिंह को सफाई, शौचालय और पेयजल व्यवस्था, मुख्य अभियंता विद्युत मंडल प्रथम पवन अग्रवाल को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा विभाग को विद्युत सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सीडीओ ने *उपायुक्त उद्योग* को मेले के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के शिक्षण संस्थानों, कॉलेजों, उद्यमियों और आम नागरिकों को मेले में आमंत्रित करने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और व्हाट्सएप समूहों का उपयोग किया जाए। साथ ही उत्कृष्ट उत्पादों के निर्माताओं की वीडियो क्लिप तैयार कर प्रसारित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिले के जनप्रतिनिधियों को भी स्वदेशी मेला प्रदर्शनी में आमंत्रित किया जाए ताकि स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहन मिल सके।

गाजियाबाद में होने वाला यह स्वदेशी मेला न केवल स्थानीय उत्पादों को नया बाजार उपलब्ध कराएगा बल्कि “वोकल फॉर लोकल” के संदेश को भी सशक्त करेगा।



