समालखा में 78वें निरंकारी संत समागम के उपरांत सादगीपूर्ण सामूहिक विवाह समारोह संपन्न -126 जोड़ों ने लिया माता सुदीक्षा जी का आशीर्वाद

समालखा,(आनन्द धारा न्यूज़)। दिनांक 6 नवम्बर 2025 को78वें निरंकारी संत समागम के समापन उपरांत समालखा में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की पावन उपस्थिति में सादगीपूर्ण निरंकारी सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों और विदेशों- ऑस्ट्रेलिया व कनाडा- से आए 126 नवयुगलों ने परिणय सूत्र में बंधकर सतगुरु के आशीर्वाद से अपने नवजीवन की शुरुआत की।

समारोह का आरंभ पारंपरिक जयमाला एवं निरंकारी परंपरा के विशेष सांझा-हार से हुआ। भक्तिमय वातावरण में निरंकारी लावों का हिंदी गायन किया गया, जिनकी प्रत्येक पंक्ति गृहस्थ जीवन के आध्यात्मिक संदेशों से परिपूर्ण थी। सतगुरु माता जी और राजपिता जी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवृष्टि कर उन्हें सुख, प्रेम और समर्पणमय जीवन का आशीर्वाद दिया।

अपने आशीर्वचन में सतगुरु माता जी ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का पवित्र संगम है। यह समारोह प्रेम, समानता और सहयोग के संदेश को जीवंत करता है। उन्होंने सभी युगलों के मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि निरंकार प्रभु की कृपा सदा सभी पर बनी रहे।



