गाजियाबाद में पिज्जा दुकान पर धमाका, माइक्रोवेव ओवन फटने से चार लोग घायल

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। प्रताप विहार सेक्टर-11 में रविवार रात एक पिज्जा दुकान पर बड़ा हादसा हो गया। दुकान में लगा माइक्रोवेव ओवन अचानक फट गया, जिससे चार लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब आठ बजे हुआ।
प्रताप विहार निवासी भूपेंद्र कुमार अपने 12 वर्षीय बेटे शौर्य और 9 वर्षीय बेटे ध्रुव के साथ पिज्जा लेने दुकान पर गए थे। इसी दौरान ओवन में धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि दुकान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में भूपेंद्र, दोनों बेटे और दुकान पर मौजूद एक लड़की घायल हो गए।

घायलों को तुरंत पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन लोगों का इलाज जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवन में अचानक चिंगारी निकली और कुछ ही सेकंड में जोरदार धमाका हो गया। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग की टीम यह जांच कर रही है कि धमाका ओवरहीटिंग से हुआ या तकनीकी खराबी के कारण। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके की दुकानों में लगे पुराने उपकरणों की जांच की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।



