तुलसी भारतीय संस्कृति में पवित्रता, स्वास्थ्य तथा पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है – डॉ.पूनम गोयल

गाजियाबाद। अनुज गोयल कॉलेज ऑफ लॉ, भोजपुर, मोदीनगर मे 25 दिसंबर को तुलसी दिवस का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, आस्था एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. पूनम गोयल द्वारा तुलसी पौधे की तिलक लगाकर, चुनरी अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर आरती करने से हुआ। इस अवसर पर उन्होंने तुलसी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं औषधीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तुलसी भारतीय संस्कृति में पवित्रता, स्वास्थ्य तथा पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है।
इसी दिन देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान राष्ट्रनेता की जयंती होने के कारण उन्हें भी श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने अटल जी के राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान, उनके ओजस्वी विचारों, सुशासन की अवधारणा तथा भारतीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस पावन अवसर पर कॉलेज के डॉ. जुगेश असपाल (विधिक सलाहकार) श्री दर्शनवीर शर्मा (रजिस्ट्रार), डॉ. विनीत सिंघल सहित प्रवक्तागण डॉ. पंकज, डॉ. मधु डॉ. शालिनी गुप्ता, श्रीमती प्रेमा. शिवांगी गुप्ता, पूजा एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। पूजा-अर्चना के उपरांत सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया।
समग्र रूप से कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय एवं प्रेरणादायक रहा और सभी ने इस आयोजन को भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़ाव का एक सार्थक प्रयास बताया।




