
मानव सेवा दल की परेड, भव्य सत्संग व सांस्कृतिक संध्या होंगी आकर्षण का केंद्र
सिलीगुड़ी, 29 दिसंबर (हिम बहादुर सोनार)।
मानव एकता, शांति एवं सद्भाव का संदेश लेकर परम पूज्य सद्गुरु श्री सतपाल जी महाराज 30 दिसंबर को सिलीगुड़ी पहुंच रहे हैं। उनके पावन आगमन के साथ ही सालुगाड़ा स्थित मझुआ ग्राम के मानव धर्म आश्रम में आयोजित होने वाले दो दिवसीय सद्भावना सम्मेलन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का वातावरण व्याप्त है।
मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में नववर्ष के उपलक्ष्य में 31 दिसंबर एवं 1 जनवरी को आयोजित इस सद्भावना सम्मेलन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सम्मेलन हेतु विशाल सत्संग पंडाल, श्रद्धालुओं के आवास, भंडारे, पार्किंग एवं अन्य सेवा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। समिति के अनुसार हजारों श्रद्धालुओं के एक साथ ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल, भूटान एवं अन्य देशों से भी श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो चुका है। श्रद्धालुओं के लिए सुंदर अस्थायी कॉटेज तथा अतिथियों के लिए विशेष भंडारे की व्यवस्था की गई है।
आश्रम आगमन के उपरांत सद्गुरु श्री सतपाल जी महाराज मानव सेवा दल की परेड का निरीक्षण करेंगे एवं सलामी ग्रहण करेंगे। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।
31 दिसंबर की संध्या विभिन्न समुदायों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य एवं संगीत से सराबोर रहेगी, जिसके पश्चात संत-महात्माओं के प्रेरक प्रवचन होंगे।
इस भव्य सम्मेलन में सद्गुरु श्री सतपाल जी महाराज के साथ अमृता माता जी, विभु जी महाराज, सुयश जी महाराज, आराध्या माता जी, मोहिना माता जी, श्रीयांश जी एवं अयांश जी सहित अनेक संत-महात्माओं का दिव्य सान्निध्य प्राप्त होगा।
मानव उत्थान सेवा समिति ने बताया कि सेवा दल के स्वयंसेवकों को पार्किंग, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। पूरा मझुआ ग्राम इन दिनों मानवता, सेवा और आध्यात्मिक चेतना के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है।



