
बहराइच,(आनन्द धारा न्यूज़)। जिले के कैसरगंज इलाके में आदमखोर भेड़िए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की भोर में घर के बरामदे में मां के साथ सो रही एक साल की मासूम पर भेड़िए ने हमला कर उसे जबड़े में दबोच लिया और खेतों में भाग गया। ग्रामीण व वन विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।कैसरगंज थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम गोडहिया नंबर 4 का मजरा जरूवा के रहने वाले ग्रामीण राम कुमार की एक साल की बेटी आरवी अपनी मां राम कुमारी के साथ घर के बरामदे में लेटी थी, तभी देर रात भेड़िए ने मासूम पर हमला कर दिया। चीख सुनकर जागी मां ने शोर मचाया, जिसके बाद लोग उसके पीछे भागे, लेकिन तब तक वह गन्ने के खेतों की ओर भाग निकला। सूचना पर मुकेश चंद्र मुख्य विकास अधिकारी बहराइच खंड विकास अधिकारी कैसरगंज, पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रदीप यादव, ग्राम प्रधान पवन यादव, थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा, रेंजर ओंकार यादव, वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। तथा ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर लगाकर मासूम की तलाश में जुटी हुई है।



