
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आगामी 13 दिसम्बर 2025 (शनिवार) को प्रातः 10:00 बजे, जिला एवं सत्र न्यायालय, जिला कचहरी गाजियाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण हेतु जिला न्यायालय की नई बिल्डिंग में एक महत्वपूर्ण क्रियान्वयन बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता श्री एन.सी. पाण्डेय (एडीजे प्रथम) एवं श्री गौरव शर्मा (एडीजे/नोडल अधिकारी, लोक अदालत) ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर श्रीमती नेहा भनोदिया (प्रभारी सीजेएम) तथा श्री कुमार मिताक्षर (सचिव, डीएलएसए) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में एडीजे प्रथम श्री एन.सी. पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत जनता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर लोगों को लम्बी मुकदमेबाजी से राहत दिलाई जा सकती है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक प्रकरणों को लोक अदालत हेतु चिन्हित कर निस्तारण सुनिश्चित करें।
नोडल अधिकारी श्री गौरव शर्मा ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर सूचना पट, बैनर और होर्डिंग लगवाकर राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लेकर इसका लाभ उठा सकें।

बैठक में जीडीए, नगर निगम गाजियाबाद, सूचना विभाग, एलडीएम, जिला पूर्ति, स्वास्थ्य विभाग, बाट–माप विभाग, नगर पालिका मोदीनगर, एआरटीओ, बीएसएनएल सहित श्रम विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन हेतु सभी विभागों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।



