Home

यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, पछुआ हवाओं के साथ तापमान में गिरावट, 42 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। उत्तर प्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह और रात के समय कोहरे की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश में मौसम का रुख एक बार फिर बदलने वाला है। पश्चिमी दिशा से चलने वाली पछुआ हवाओं के कारण प्रदेशभर में दिन और रात के तापमान में क्रमशः गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि हवाओं की रफ्तार बढ़ने से आने वाले दिनों में कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के 42 जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, गाजियाबाद, मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं सहित कई जिले शामिल हैं। वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, आगरा और इटावा जिलों में अत्यधिक घने कोहरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को घने कोहरे के कारण आगरा और प्रयागराज में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि अलीगढ़ में दृश्यता मात्र 30 मीटर और वाराणसी, बलिया व मुरादाबाद में 50 मीटर दर्ज की गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार सोमवार से चलने वाली धीमी पछुआ हवाएं धीरे-धीरे तेज होंगी, जिससे तापमान में गिरावट के साथ-साथ कोहरे का प्रभाव भी कम होने लगेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button