
गाजियाबाद। वरिष्ठ लेखक, पत्रकार, संपादक और हिंदीनिष्ठ विद्वान श्री उमाशंकर मिश्र को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार द्वारा अपनी हिंदी सलाहकार समिति में तीन वर्ष के लिए सदस्य मनोनीत किया गया है। मंत्रालय के संयुक्त सचिव रोहित माथुर ने पत्र द्वारा यह सूचना प्रेषित की है।
पिछले 45 वर्षों से हिंदी भाषा, साहित्य और संस्कृति के विकास हेतु कार्यरत श्री मिश्र इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्रालय और विधि-न्याय मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य रह चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि श्री उमाशंकर मिश्र हिंदी के समुचित विकास हेतु वर्ष में तीन राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों का आयोजन करते हैं जिसमें देशभर से प्रमुख हिंदीनिष्ठ विद्वान भागीदारी करते हैं। इन आयोजनों से गाजियाबाद की देश-विदेश में विशेष सांस्कृतिक पहचान विकसित हुई है। महानगर के हिंदी विद्वानों ने श्री मिश्र को इस उपलब्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही शिक्षाविद् जे.के. गौड़, समाजसेवी के.के. शर्मा, प्रदीप शर्मा, अमिताभ सुकुल, के.पी. यादव आदि ने भी बधाई दी है।यह जानकारी विकास मिश्र ने दी।



