नोएडा कस्टम कमिश्नरेट द्वारा गुरूजी सहित शिष्यों को सम्मानित किया गया

नोएडा (कुलदीप)। सीमा शुल्क आयुक्तालय नोएडा के द्वारा आई सी डी दादरी में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में कस्टम कमिश्नर श्री आलोक सिंह जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी वर्दीधारी अधिकारियों द्वारा परेड का संचालन यादराम अधीक्षक के नेतृत्व में हुआ। कमिश्नर महोदय ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय गान (सामूहिक) के साथ तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात वी एन भातखंडे संगीत महाविद्यालय गाज़ियाबाद के छात्र छात्राओ ने सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की।गंगेश अवस्थी ने भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं, गाज़ियाबाद आइडल की फाइनलिस्ट भानुश्री ने ऐ मेरे वतन के लोगों गीत सुनाकर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मुकुल ने तबला तथा रोहित ने ऑक्टोपैड पर संगत की।गुरूजी पंडित हरिदत्त शर्मा जी ने अपने संबोधन में कहा कि हर व्यक्ति को संगीत अवश्य सीखना चाहिए। संगीत या किसी भी अन्य ललित कला से जुड़ा व्यक्ति निश्चित रूप से एक अच्छा इंसान बनेगा। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ ए पी जे अब्दुल कलाम और प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रसंग सुना कर अपनी बात को प्रमाणित भी किया। शैलेन्द्र शर्मा (निरीक्षक नोएडा सीमा शुल्क) ने कार्यक्रम का सुंदर संचालन किया। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने सभा को संबोधित करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और गुरूजी को महात्मा बुद्ध की मूर्ति स्मृति चिह्न स्वरूप भेंट की। वंदे मातरम गायन के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर मनोज प्रभाकर अपर आयुक्त, ज्योति विर्दी संयुक्त आयुक्त, पल्लव सक्सेना, गुंजन सिंह आदि भी उपस्थित रहे।




