
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। राष्ट्रवाद और सामाजिक सेवा को समर्पित संगठन ‘सैल्यूट तिरंगा’ ने उत्तर प्रदेश में अपने संगठनात्मक विस्तार को नई दिशा देते हुए अभिनेत्री और मॉडल श्वेता चौहान को महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा गाजियाबाद में आयोजित एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा ने श्वेता चौहान को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि उनकी राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सक्रियता और युवाओं में लोकप्रियता संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि श्वेता के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की महिलाएं राष्ट्र निर्माण से और अधिक मजबूती से जुड़ेंगी।
कार्यक्रम में संगठन की गतिविधियों—तिरंगा यात्राओं, वृक्षारोपण अभियानों और सामाजिक सेवा कार्यक्रमों- पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सच्चिदानन्द पोखरियाल ने इस नियुक्ति को महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताते हुए श्वेता को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी, जिला अध्यक्ष अंशु चौधरी, प्रदेश कोषाध्यक्ष विशाल नागर, अनुज त्यागी, वैभव चौधरी, सतेंद्र राघव, डॉ. सुभाष तोमर, सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण युवा विंग की सहभागिता रही। युवा प्रदेश अध्यक्ष संयम त्यागी के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने फूलमालाओं के साथ श्वेता चौहान का जोरदार स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
100 से अधिक हरियाणवी और पंजाबी म्यूजिक एल्बम में अभिनय कर चुकीं श्वेता चौहान ने इस अवसर पर कहा कि वे संगठन द्वारा दिए गए दायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी। उन्होंने महिलाओं को राष्ट्रसेवा, सामाजिक कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि ‘सैल्यूट तिरंगा’ संगठन देश-विदेश में तिरंगा यात्राओं और राष्ट्रवादी अभियानों के लिए जाना जाता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा के नेतृत्व में संगठन लगातार युवाओं और महिलाओं को जोड़ते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय है।



