Homeशिक्षासांस्कृतिक

25 वर्षों की गौरवगाथा: ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज एवं बिज़नेस स्कूल की रजत जयंती पर मोहित चोपड़ा के साथ ‘सफ़र यादों का’

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज एवं बिज़नेस स्कूल ने दिनांक 25 दिसंबर 2025 को अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह का आयोजन 25 दिसंबर 2025 को किया। “सफ़र यादों का” थीम पर आधारित यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संस्थान की उस सतत यात्रा का सजीव दस्तावेज़ रहा, जिसमें समय के साथ परिपक्व होती शिक्षा, स्मृतियाँ और संबंध एक साथ आकार लेते हैं।
इस अवसर पर रजत जयंती समारोह के साथ पूर्व छात्र मिलन एवं दशक पूर्णता समारोह (वर्ष 2015 बैच) का भी गरिमामय आयोजन किया गया। देश के विभिन्न भागों से पधारे पूर्व छात्रों की सहभागिता ने इस दिन को विशेष बना दिया। दशक पूर्णता बैच–2015 का सम्मान, पूर्व छात्रों की उपलब्धियों का अभिनंदन तथा ए.बी.ई.एस. पूर्व छात्र संघ के औपचारिक सत्रों ने अतीत और वर्तमान के बीच एक सशक्त सेतु का निर्माण किया।

आयोजन के सांस्कृतिक सत्रों में परिधान प्रदर्शनी, नृत्य, गायन, वाद्य संगीत प्रस्तुति, नाट्य/मौन अभिनय एवं कविता पाठ जैसी प्रस्तुतियाँ सम्मिलित रहीं। इन प्रस्तुतियों में पूर्व छात्रों की सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि ए.बी.ई.एस. की पहचान केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं, बल्कि रचनात्मक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक चेतना में भी निहित है।

सांस्कृतिक संध्या को विशेष ऊँचाई प्रदान की इंडियन आइडल ख्याति प्राप्त गायक मोहित चोपड़ा की प्रभावशाली प्रस्तुति ने। उनकी सशक्त आवाज़ और भावपूर्ण गायन ने पूरे परिसर को संगीत से सराबोर कर दिया तथा उपस्थित दर्शकों से भरपूर सराहना प्राप्त की।

इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन श्री नीरज गोयल ने अपने संबोधन में ए.बी.ई.एस. कॉलेज की रजत जयंती को एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक उत्तरदायित्व बताया। उन्होंने कहा कि ए.बी.ई.एस. की यात्रा उन असंख्य विश्वासों से निर्मित है, जो वर्षों पहले शिक्षा की शक्ति पर किए गए थे और जिन्हें पीढ़ी दर पीढ़ी विद्यार्थियों, शिक्षकों और पूर्व छात्रों ने अपने परिश्रम से साकार किया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि ए.बी.ई.एस. कॉलेज का संकल्प सदैव ऐसी शिक्षा गढ़ने का रहा है जो केवल डिग्रियाँ नहीं, बल्कि दृष्टि, संवेदनशीलता और चरित्र का निर्माण करे।

इसी क्रम में कॉलेज के जनरल सेक्रेटरी श्री शाश्वत गोयल ने अपने वक्तव्य में कहा कि ए.बी.ई.एस. कॉलेज ने पिछले 25 वर्षों में शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत अनुशासन और निरंतर सुधार को अपनी कार्यसंस्कृति का आधार बनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान भविष्य में अकादमिक नवाचार, उद्योग–संस्थान सहयोग और छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण को सुदृढ़ करते हुए शिक्षा के बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को निरंतर विकसित करता रहेगा।

रजत जयंती समारोह का एक विशेष आकर्षण “स्मृति पथ” रहा, जिसमें ए.बी.ई.एस. कॉलेज की 25 वर्षों की यात्रा को पाँच-पाँच वर्षों के चरणों में संजोई गई स्मृतियों, उपलब्धियों और ऐतिहासिक पलों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। यह स्मृति पथ संस्थान की जड़ों, उसके विकासक्रम और उसकी निरंतरता का मौन, किंतु प्रभावशाली साक्ष्य बना।

“सफ़र यादों का” कार्यक्रम ने यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक पहचान उसके भवनों या वर्षों में नहीं, बल्कि उन लोगों में बसती है जो उसे अपने अनुभवों, प्रयासों और स्मृतियों से जीवंत रखते हैं।

ए.बी.ई.एस. कॉलेज का यह रजत जयंती समारोह संस्थान की 25 वर्षों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक यात्रा को समर्पित रहा, जिसमें पूर्व छात्रों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सहभागिता ने ए.बी.ई.एस. कॉलेज की एकजुटता और भविष्य-दृष्टि को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button