Homeगाजियाबादशिक्षा

गाजियाबाद के गोविंदपुरम में पकड़ा गया तेंदुआ शिवालिक के जंगलों में छोड़ा गया

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। गोविंदपुरम स्थित ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल से रेस्क्यू किए गए तेंदुए को बृहस्पतिवार सुबह शिवालिक के जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम उसे पिंजरे में लेकर बुधवार रात ही सहारनपुर क्षेत्र पहुंच गई थी। रास्ते में तेंदुए को मांस खिलाया गया और पानी भी पिलाया गया।

वन विभाग की अधिकारी डॉ. सलोनी ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद ठीक सुबह नौ बजे पिंजरा खोला गया। पिंजरा खुलते ही तेंदुआ तेजी से जंगल की ओर दौड़ पड़ा। करीब आधे घंटे तक टीम ने उस पर नजर बनाए रखी। आंखों से ओझल होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त घोषित कर पिंजरा वाहन में रख लिया गया।

सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद वन विभाग की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत रिपोर्ट मौके से ही लखनऊ मुख्यालय को भेज दी। तेंदुए को छोड़े जाने का वीडियो भी उच्च अधिकारियों को साझा किया गया।

उल्लेखनीय है कि गोविंदपुरम के स्कूल परिसर में तेंदुआ सुबह करीब पांच बजे दीवार फांदकर घुस आया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शाम चार बजे उसे सुरक्षित पकड़ लिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button