
गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। जनपद स्तरीय “हमारा आँगन हमारे बच्चें” कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय नासिरपुर, नेहरू नगर गाजियाबाद के प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीओ.पी.यादव व डायट प्रवक्ता श्रीमती पूनम सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन से की गई। प्राथमिक विद्यालय तिबडा नंबर-2 के छात्रों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गान प्रस्तुत कर सभी का मनमोह लिया।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग से 5 सुपरवाइजर्स, 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं बेसिक शिक्षा विभाग से कक्षा 1 में अध्यापन कर रहे 5 शिक्षकों , 5 नोडल संकुल शिक्षक, 5 ईसीसी एजुकेटर्स को प्राथमिक शिक्षा, बालवाटिका में सराहनीय योगदान एवं नवाचार के लिए उपहार देकर सम्मानित किया गया।
एसआरजी देवांकुर भारद्वाज ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आपको 3-5 वर्ष की आयु मे ही उन्हे मानसिक रूप से मजबूत करके उनमें भावी नागरिक की नींव रखने का कार्य करना है। उन्होने बालवाटिका, चहक, परिकलन, कलांकुर, माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम, वन्डर बॉक्स आदि के विषय मे चर्चा भी की। नोडल एआरपी गीतांजलि सक्सेना ने वर्ष 2021 से 2023 तक विभाग द्वारा दी जाने वाली बाल सुविधाओं का वर्णन विस्तार पूर्वक किया। एआरपी नीरज खटाना ने पूर्व प्रारंभिक शिक्षा में अभिभावकों की भूमिका के विषय में बताया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और निपुण भारत मिशन पर चर्चा करते हुए बताया कि निपुण भारत मिशन में शत प्रतिशत बच्चों को निपुण बनाने हेतु एक अध्यापक अपने विद्यालय में क्या-क्या नवाचार कर सकता है? प्राथमिक विद्यालय नासीरपुर के छात्रों ने योग कार्यक्रम प्रस्तुत कर उत्सव में नई ऊर्जा का संचार किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ पी यादव ने अपने सम्बोधन में बेहतर शिक्षा और नन्हे मुन्ने बच्चों में संपूर्ण समझ विकसित करने के लिए समुदाय से सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित अभिभावको, आंगनवाड़ियों और शिक्षकों से कहा कि निपुण लक्ष्य को प्राप्त कर जनपद गाजियाबाद को सर्वप्रथम निपुण बनाने में सहयोग प्रदान करें। जिला नोडल पूर्व प्राथमिक शिक्षा तथा डायट प्रवक्ता पूनम सिंह ने वर्तमान शैक्षिक व्यवस्था के परिपेक्ष्य में प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया तभी हमारा आंगन हमारे बच्चे कार्यक्रम मनाना सफल हो सकता है। कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक डॉ राकेश, रुचि त्यागी, सिंपल चौधरी एवं कशिश त्यागी द्वारा किया गया। डॉ राकेश ने कहा की सभी विद्यालयों में कमरे सजे सांवरे दिखे, गतिविधि होती दिखे तो शिक्षा का एक नया ही माहौल बनता है। आंगनबाड़ी, एजुकेटर और शिक्षक को मिलकर इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर सभी ब्लॉक से नोडल शिक्षक, संकुल शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सुपरवाइजर, अभिभावक, एआरपी और ईसीसी एजुकेटर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वयन व सफल मंच संचालन देवांकुर भारद्वाज एसआरजी के द्वारा किया गया।



