
नई दिल्ली,(आनन्द धारा न्यूज़)। भारत और इजराइल के बीच एक अहम रक्षा सौदे की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी इजराइल दौरे के दौरान ‘आयरन डोम’ एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़ी तकनीक पर महत्वपूर्ण समझौता हो सकता है। बताया जा रहा है कि इस डील के तहत भारत को अत्याधुनिक मिसाइल रोधी तकनीक उपलब्ध कराई जा सकती है और भविष्य में इस सिस्टम का निर्माण भारत में ही किया जा सकेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 फरवरी को इजराइल के दौरे पर रवाना होने वाले हैं। करीब आठ वर्षों बाद हो रहा यह दौरा केवल औपचारिक कूटनीतिक यात्रा नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे वैश्विक रणनीतिक समीकरणों के संदर्भ में अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। रक्षा सहयोग, तकनीकी हस्तांतरण और ‘मेक इन इंडिया’ के तहत संयुक्त उत्पादन जैसे मुद्दे इस यात्रा के केंद्र में रह सकते हैं।
हालांकि, दौरे की शुरुआत से पहले ही इजराइल की आंतरिक राजनीति में हलचल तेज हो गई है। वहां के विपक्षी दलों ने संकेत दिया है कि यदि कुछ राजनीतिक शर्तें पूरी नहीं की गईं तो वे संसद में प्रधानमंत्री मोदी के संभावित संबोधन का बहिष्कार कर सकते हैं। इस घटनाक्रम ने दौरे को और अधिक चर्चा में ला दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ‘आयरन डोम’ जैसी उन्नत वायु रक्षा तकनीक पर सहमति बनती है, तो यह भारत की सुरक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम होगा। अब सभी की निगाहें इस उच्चस्तरीय दौरे और संभावित रक्षा समझौते पर टिकी हैं।



