
लखनऊ,(आनन्द धारा)। उत्तर प्रदेश में कैंसर मरीजों को बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शासन स्तर से प्रदेश के 64 जिलों में कैंसर रोगियों के इलाज के लिए डे-केयर सेंटर स्थापित किए जाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए संबंधित जिलों में नोडल अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई है।
सरकार का उद्देश्य है कि कैंसर मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े और उन्हें अपने ही जिले में कीमोथेरेपी समेत अन्य आवश्यक उपचार सुविधाएं मिल सकें। डे-केयर सेंटरों के माध्यम से मरीजों को दिन में उपचार देकर उसी दिन घर भेजने की व्यवस्था होगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नोडल अधिकारी केंद्रों की स्थापना, संसाधनों की उपलब्धता, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती तथा उपकरणों की व्यवस्था की निगरानी करेंगे। शासन ने इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी साबित होगी और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करेगी।



