
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में एक निवासी की मोटरसाइकिल से लगातार पेट्रोल चोरी होने का मामला सामने आया है। सोसायटी के एम-1/411 फ्लैट निवासी एडवोकेट विक्रम चौधरी ने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल से रोजाना पेट्रोल चोरी किया जा रहा है, जिससे वह काफी परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद आरडब्ल्यूए (RWA) पदाधिकारियों द्वारा इस समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल पर एक पर्ची लगाकर चोर से ही विनम्र अपील कर दी है। उस पर्ची पर लिखा है— “हे चोर जी इतनी दया करो कि बाइक पेट्रोल पम्प तक चली जाये, हर बार आपने तो सारा ही पेट्रोल निकाल लिया।”
विक्रम चौधरी ने यह भी घोषणा की है कि सोसायटी का जो भी कर्मचारी उनकी मोटरसाइकिल से पेट्रोल चोरी करने वाले व्यक्ति की सटीक सूचना देगा, उसे 500 रुपये का इनाम दिया जाएगा और उसका नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

विक्रम चौधरी ने बताया कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से सोसायटी में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि सोसायटी में कई स्थानों पर कैमरे लगे ही नहीं हैं और जहां लगे हुए हैं उनमें से कई कैमरे खराब पड़े हैं, जबकि सीसीटीवी कैमरों की एएमसी (वार्षिक मेंटेनेंस) का पैसा निवासियों के मेंटेनेंस चार्ज से लगातार लिया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर सोसायटी में त्योहारों के नाम पर लाखों रुपये मनमाने तरीके से खर्च कर जश्न मनाया जाता है। उनका कहना है कि जब त्योहारों पर इतना खर्च किया जा सकता है, तो सुरक्षा के लिए कैमरे लगाने या खराब कैमरों को ठीक कराने में पैसे की कमी बताना समझ से परे है।
विक्रम चौधरी ने यह भी बताया कि इससे पहले सोसायटी स्थित श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में दो बार कलश और त्रिशूल चोरी हो चुके हैं। इसके अलावा कोई अज्ञात व्यक्ति सोसायटी में खड़ी निवासियों की महंगी गाड़ियों पर भी लंबे-लंबे निशान और स्क्रैच मार रहा है।
उन्होंने बताया कि इन सभी घटनाओं को लेकर वह कई बार सोसायटी के सभी व्हाट्सएप ग्रुपों में जानकारी साझा कर चुके हैं और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को भी बार-बार अवगत कराया है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
सोसायटी की पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी ने बताया कि बोर्ड मीटिंग में कई बार अध्यक्ष और सचिव से सोसायटी में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की गई है, लेकिन कार्यकारिणी के सदस्यों और बोर्ड मेंबरों की बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता।
निवासियों का कहना है कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध के कारण कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसके चलते पेट्रोल की कीमतें और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में बार-बार पेट्रोल चोरी की घटनाएं होना वाहन मालिकों के लिए और भी चिंता का विषय बन गया है।
सोसायटी के पूर्व महामंत्री आर.के. गर्ग ने कहा कि यदि पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा पा रहे हैं, तो उन्हें इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए और बाकी बोर्ड मेंबरों को पदाधिकारी बनाकर उन्हें जिम्मेदारी देनी चाहिए, ताकि सोसायटी की सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।



