
सिलीगुड़ी सद्भावना सम्मेलन के मध्य मानव सेवा की मिसाल
सिलीगुड़ी, 28 दिसंबर (हिम बहादुर सोनार)।
सालूगाड़ा स्थित मानव धर्म आश्रम परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मानव एकता, शांति और सद्भाव का संदेश देने वाला दो दिवसीय सद्भावना सम्मेलन आगामी 31 दिसंबर 2025 एवं 01 जनवरी 2026 को आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रख्यात आध्यात्मिक गुरु एवं समाजसेवी पूज्य सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज अपने दिव्य परिवार के साथ 30 दिसंबर को आश्रम पहुँचेंगे और श्रद्धालु भक्तों को दर्शन एवं सत्संग का लाभ प्रदान करेंगे।
पूज्य सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज न केवल आध्यात्मिक चेतना के अग्रदूत हैं, बल्कि मानव सेवा को साधना का माध्यम मानने वाले महान समाजसेवी भी हैं। उन्हीं की प्रेरणा से मानव उत्थान सेवा समिति वर्ष भर आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ विविध सामाजिक सेवा कार्यों का संचालन करती रही है।
इसी सेवा-परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सम्मेलन की तैयारियों के बीच समिति ने नार्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज के सहयोग से सालूगाड़ा मानव धर्म आश्रम के संत आवास हॉल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में कुल 57 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक संग्रह किया गया।
सम्मेलन में प्रस्तावित पीटी-परेड, नृत्य-गायन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों में युवा वर्ग पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है। इसी कारण रक्तदान शिविर में युवाओं की सहभागिता अपेक्षाकृत कम रही, फिर भी शिविर ने मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
जैसे-जैसे सम्मेलन की तिथि नजदीक आ रही है, आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या और आयोजन की रौनक बढ़ती जा रही है। पहाड़ एवं डुवार्स क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से भक्तगण पहुँच चुके हैं। स्थानीय ग्रामीण भी सम्मेलन को लेकर विशेष उत्साह और श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं।
31 दिसंबर को भक्तजन सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज की पावन छत्रछाया में बैठकर आध्यात्मिक वातावरण में नववर्ष का स्वागत करेंगे। यह सद्भावना सम्मेलन न केवल आध्यात्मिक जागरण का माध्यम बनेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और मानव सेवा की भावना को भी सशक्त करेगा।




