
गाज़ियाबाद। ग्राम मथुरापुर में युवा नेता दक्ष नागर की पूज्य माताजी की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सैनिक परिवार गाज़ियाबाद की ओर से प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।
यह श्रद्धांजलि सभा पारंपरिक मृत्यु भोज के स्थान पर आर्य समाज की विधि से शोक सभा के रूप में आयोजित की गई, जिसमें समाज में सकारात्मक और अनुकरणीय सामाजिक परंपराओं को अपनाने का संकल्प भी लिया गया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
शोकाकुल परिवार द्वारा समाज एवं राष्ट्र उत्थान के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं को सहयोग राशि प्रदान कर उनका सम्मान किया गया, जो सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर सैनिक परिवार गाज़ियाबाद के अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि इस प्रकार की शोक सभाएं समाज को नई दिशा देती हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए आदर्श प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने नागर परिवार के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
श्रद्धांजलि सभा ने सामाजिक सुधार और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने का संदेश दिया।




