
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। सौरभ भट्ट अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, गाजियाबाद ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सर्वसाधारण को सूचित किया कि वर्तमान में सम्प्रति चल रहे विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना अवधि में बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर भ्रमण कर निर्वाचकों से भरे हुए गणना प्रपत्र प्राप्त करने एवं बी.एल.ओ. एप पर डिजिटाइज किये जाने सम्बन्धी कार्य में 13 बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरतने / शिथिलता बरतने के सम्बन्ध में उप जिलाधिकारी सदर / निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 55-साहिबाबाद द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।
उक्त के क्रम में जनपद गाजियाबाद की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों को सूचित किया जाता है कि निर्वाचन सम्बन्धी कार्य में लापरवाही/शिथिलता बरतने पर सम्बन्धित बी.एल.ओ. के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने सम्बन्धी कार्यवाही की जायेगी तथा उक्त प्रकरण का निस्तारण भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन उपरान्त ही सम्भव होगा।

अतः समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के बूथ लेवल अधिकारी सम्प्रति चल रहे विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत की जाने वाली गतिविधियों में यदि किसी बी.एल.ओ./ सुपरवाइजर/ सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीरकण अधिकारी द्वारा लापरवाही/ शिथिलता बरतने पर आगे भी कठोर कार्यवाही करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी जायेगी।



