वी.एन.भातखंडे संगीत महाविद्यालय में तुलसी पूजन उत्सव आयोजित

गाज़ियाबाद। वी. एन. भातखंडे संगीत महाविद्यालय में गुरुवार, 25 दिसंबर को तुलसी पूजन दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छोटे बच्चों द्वारा हरिनाम संकीर्तन और भजन गायन से हुई। वीर हनुमाना अति बलवाना, छोटी छोटी गैया छोटे छोटे ग्वाल, अच्युतम केशवम तथा रघुपति राघव राजा राम जैसे भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ज्योति शर्मा ने तुलसी जी के आध्यात्मिक एवं औषधीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शीतकाल में तुलसीपत्र झड़ जाते हैं, इसलिए भावी पीढ़ी को इनके संरक्षण और देखभाल के उपायों से अवगत कराना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि इस उत्सव का उद्देश्य बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में सभी बच्चों ने तुलसी जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर परिक्रमा की और पूजन सम्पन्न किया। इस अवसर पर कुछ अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने महाविद्यालय के इस प्रयास की सराहना की।
समस्त आयोजन अध्यक्ष पंडित हरिदत्त शर्मा जी के संरक्षण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




