सात लोगों को काटकर जख्मी करने वाला बंदर पकड़ा गया, 146 घंटे बाद दहशत खत्म

औरैया। फफूंद क्षेत्र के कायस्थान मुहल्ला में सात लोगों को काटकर जख्मी करने वाले बंदर को आखिरकार मथुरा से आई वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने शुक्रवार दोपहर बाद पकड़ लिया। बंदर की गिरफ्तारी के साथ ही इलाके में पिछले कई दिनों से फैली दहशत का माहौल समाप्त हो गया।
बताया गया है कि बंदर ने शनिवार रात करीब 10 बजे कायस्थान मुहल्ला में अचानक हमला कर सात लोगों को काटकर घायल कर दिया था। सभी जख्मी लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिहाज से बंदर को एक मकान के पुराने कमरे में बंद कर दिया था, जहां वह करीब 146 घंटे तक कैद रहा। इस दौरान घर के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों में लगातार भय बना रहा।
बंदर को पकड़ने के लिए स्थानीय लोगों ने वन विभाग और नगर पंचायत के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया, लेकिन दोनों विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर टालमटोल होती रही। इसके चलते रेस्क्यू में देरी हुई और लोगों की परेशानी बढ़ती रही।
आखिरकार मथुरा से आई विशेषज्ञ टीम ने मौके पर पहुंचकर बंदर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार, बंदर को अब सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। वहीं, लोगों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।



