Homeसामाजिकसांस्कृतिक

प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ गणपति महोत्सव का समापन

मुरादनगर(मनीष गोयल)। यहां गंग नहर पर आज प्रातः से ही गणपति प्रतिमा विसर्जन की धूम रही। भक्तजन प्रतिमाओं के साथ डीजे की धुन पर नाचते गाते गंग नहर पहुंचे और प्रतिमाओं को विसर्जित किया।
नगर में विभिन्न स्थानों पर विगत 7 सितंबर से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना प्रारंभ की गई थी। पूजा के दौरान प्रातः व शाम को पंडालों व मंदिरों में आरती व भजन कीर्तन किए गए। मंगलवार को सुबह से ही गंगनहर पर प्रतिमा को विसर्जन करने वालों की भारी भीड़ रही। विसर्जन के कारण मुख्य मार्ग पर भारी भीड़ रही हालांकि पुलिस ने यातायात में कोई दिक्कत ना हो इसके लिए काफी प्रबंध किए थे। लेकिन इसके बाद भी सुबह से लेकर रात तक भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने जाने के कारण दिल्ली मेरठ मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
सरना वाली गली स्थित छोटा मन्दिर से गणपति विसर्जन शोभायात्रा नगर के विभिन्न स्थानों से होती हुई गंगनहर पहुंची। यात्रा में बैंड बाजों के साथ कई झांकिया शामिल रही। नगर में विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणपति प्रतिमा के साथ लोग नाचते गाते गुलाल उड़ाते चल रहे थे। गणपति बप्पा मोरया के जयकारो से नगर भक्तिमय हो गया। सुबह से लेकर देर शाम तक गणपति विसर्जन का कार्य चलता रहा। आज सुबह से ही गणपति की प्रतिमा को लेकर लोग गंग नहर पर पहुंचने लगे थे। विजय मण्डी स्थित शिव मन्दिर, साईं मन्दिर, पाल मौहल्ला, गांधी कालोनी, बिचपटा आदि से लोग प्रतिमाओ को लेकर गंगनहर पंहुचे। दोपहर तक यहां भारी भीड़ जमा हो गई। दिल्ली मेरठ मार्ग पर वाहनों का जमावड़ा होने से आने जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गंग नहर पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने भारी प्रबंध किए थे। एसीपी तथा थानाध्यक्ष यात्रा की कमान संभाले हुए थे। गणपति की प्रतिमा विसर्जन के लिए नहर के पास ही अस्थाई तालाब बनाया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button