Homeक्राइमराष्ट्रीय

कोलकाता में डॉक्टर से रेप हत्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताई नाराजगी, कहा- मैं निराश हूँ,भयभीत हूं

कोलकाता। अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी कोलकाता की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि ‘वह घटना से निराश और भयभीत हैं।’ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए राष्ट्रपति ने महिला अपराधों पर रोक का आह्वान किया और कहा कि ‘अब बहुत हो गया, अब समय आ गया है कि भारत महिलाओं के खिलाफ अपराधों की ‘विकृति’ के प्रति जाग जाए और उस मानसिकता का मुकाबला करे जो महिलाओं को ‘कम शक्तिशाली, कम सक्षम, कम बुद्धिमान’ के रूप में देखती है। कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और उसकी हत्या की घटना पर पूरे देश में रोष है। हर कोई पीड़िता के लिए न्याय की मांग कर रहा है। इस मामले को लेकर राष्ट्रपति द द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि वह स्तब्ध और व्यथित हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों से व्यथित साफ तौर पर कहा कि बहुत हो गया।
जब छात्र, डॉक्टर और नागरिक कोलकाता में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, उस समय भी अपराधी अन्यत्र शिकार की तलाश में घात लगाए हुए हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि कोई भी सभ्य समाज बेटियों और बहनों पर इस तरह के अत्याचारों की अनुमति नहीं दे सकता। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर उन्होंने कहा कि समाज को ‘ईमानदार, पूर्वाग्रहरहित आत्मावलोकन’ की जरूरत है और खुद से कुछ कड़े सवाल पूछने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अक्सर ‘विकृत मानसिकता’ महिला को कमतर इंसान, कम शक्तिशाली, कम सक्षम, कम बुद्धिमान के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि निर्भया मामले के बाद 12 वर्षों में बलात्कार की अनगिनत घटनाओं को समाज भूल चुका है; यह ‘सामूहिक रूप से भूलने की बीमारी’ ठीक नहीं है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई को लिखे गए एक लेख में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘इतिहास का सामना करने से डरने वाले समाज सामूहिक भूलने की बीमारी का सहारा लेते हैं; अब समय आ गया है कि भारत इतिहास का सामना करे। महिला अपराधों पर राष्ट्रपति ने कहा कि ‘हमें इस विकृति से व्यापक तरीके से निपटना चाहिए ताकि इसे शुरू में ही रोका जा सके। जो लोग इस तरह के विचार रखते हैं, वे महिलाओं को एक वस्तु के रूप में देखते है। अपनी बेटियों के प्रति यह हमारा दायित्व है कि हम उनके भय से मुक्ति पाने के मार्ग में आने वाली बाधाओं को दूर करें।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button