
गाज़ियाबाद,आनन्द धारा न्यूज़/(पवन शर्मा)। ए-19, इंडस्ट्रियल एरिया, मेरठ रोड स्थित श्री शिव गौशाला में गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर भव्य गौ पूजन, भंडारा और कीर्तन का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और गौमाता की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। गौशाला के संस्थापक ठाकुर संग्राम सिंह ने उपस्थित भक्तों को गोपाष्टमी, छठ पूजा और गंगा स्नान की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “गौ सेवा ही सच्ची भक्ति है, क्योंकि गौमाता के चरणों में समस्त देवताओं का वास होता है।”

कार्यक्रम का शुभारंभ 29 अक्टूबर 2025 की शाम 6:00 बजे से 9:00 बजे तक हुए कीर्तन से हुआ, जिसमें गुरुदेव डॉ.भीष्म कपूर जी (भैया किशोरी जू के) ने भक्तों को अपने आशीर्वचन दिए और गोसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
अगले दिन 30 अक्टूबर 2025 की सुबह गौ पूजन के साथ भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर गौ सेवक ठाकुर विनय सिंह, लेखाकार श्रीमती प्रीति रजावत, गौ सेवक श्रीमती ज्योति सिंह, सतवीर पंडित, हरिचन्द्र, शिवेन्द्र अवस्थी, देवेन्द्र हितकारी, राहुल पुंडरीक (एडवोकेट), महेश अहूजा, अनिल कुमार कौशिक और हिमांशु शर्मा सहित अनेक भक्तों ने अपनी सेवा अर्पित की।

पूरे आयोजन के दौरान भक्ति संगीत, कीर्तन और गौ पूजन से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने गौसेवा को अपने जीवन का संकल्प बताया और श्री शिव गौशाला परिवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।



