ओमकारा पब्लिक स्कूल का द्वितीय वार्षिकोत्सव 2026 धूमधाम से संपन्न, “कल की खुशबू आज के रंग” थीम ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़/पवन शर्मा)। रत्न एंक्लेव स्थित एक फार्म हाउस में दिनांक 12 फरवरी, शुक्रवार को ओमकारा पब्लिक स्कूल का द्वितीय वार्षिकोत्सव 2026 अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की थीम “कल की खुशबू आज के रंग” रही, जिसने बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को सशक्त मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड-53 के पार्षदपति राजकुमार (राजू), समाजसेवी योगेश शर्मा, स्कूल के डायरेक्टर राम प्रकाश शर्मा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती नीतू शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

वार्षिकोत्सव में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देशभक्ति गीतों ने जहां राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की, वहीं लोक नृत्य, समूह नृत्य, नाटक एवं संगीत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में शिक्षा के साथ संस्कार, सामाजिक सरोकार और नैतिक मूल्यों की स्पष्ट झलक दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की। विद्यालय के डायरेक्टर राम प्रकाश शर्मा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती नीतू शर्मा ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करना है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा, जिनके अथक प्रयासों से यह आयोजन यादगार बन गया।



