
प्रयागराज,(आनन्द धारा न्यूज़)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आगामी वर्ष की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। परीक्षार्थियों के लिए राहत की बात यह है कि इस बार प्रमुख विषयों की परीक्षाएं लगातार नहीं होंगी, जिससे विद्यार्थियों को हर विषय की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग के छात्रों के लिए भी दो विषयों के बीच एक या अधिक दिनों का अंतराल रखा गया है। परिषद ने बुधवार को यह परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया।

पिछले वर्ष परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित हुई थीं। इस बार परीक्षा छह दिन पहले शुरू हो रही है, जबकि समाप्ति तिथि वही रखी गई है।
हाईस्कूल की परीक्षा 18 फरवरी को हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी विषय से शुरू होगी। इस बार होली चार मार्च को होने के कारण एक से छह मार्च के बीच कोई परीक्षा नहीं रखी गई है।
परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी-
प्रातःकालीन पाली:सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक
द्वितीय पाली: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने परिषद के इस निर्णय का स्वागत किया है, क्योंकि इससे परीक्षा तैयारी के दौरान तनाव कम होगा और बेहतर परिणाम की उम्मीद की जा रही है।



