Homeगाजियाबादप्रशासनसामाजिक

जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई चर्चा, ज्ञापन सौंपा गया

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। आज दिनांक 22 मई 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक एडीएम सिटी श्री विकास कश्यप की अध्यक्षता एवं जिला सैनिक अधिकारी कैप्टन आरपी सिंह के संचालन में आयोजित की गई। बैठक में शासन-प्रशासन के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही तथा बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं।

बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान एवं निस्तारण पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल, महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा एवं उपाध्यक्ष चौधरी महिपाल सिंह द्वारा जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा गया।

ज्ञापन में जनपद के शस्त्रधारी पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंसों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण के विषय को प्रमुखता से उठाया गया। इसके अतिरिक्त जिला सैनिक कार्यालय के ऊपरी तल को जिला पंचायत विभाग से तत्काल जिला सैनिक कार्यालय को सौंपने की मांग की गई। साथ ही जिला सैनिक बंधु समिति की बैठकों में जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा समिति के पुनर्गठन की मांग भी रखी गई।

बैठक के समापन पर जिला सैनिक अधिकारी कैप्टन आरपी सिंह एवं सैनिक परिवार अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल ने एडीएम सिटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button