
हापुड़,(आनन्द धारा/राजकुमार शर्मा)। जनपद के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया। प्रेम-प्रसंग में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। अब दोनों प्रेमियों की जिंदगी सलाखों के पीछे कटेगी।
थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने मोहल्ला आदर्श नगर निवासी राजपाल की हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए उसकी पत्नी रजनी और उसके प्रेमी बन्टी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल लाठी भी बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी ने कई चौंकाने वाले राज खोले। पूछताछ के दौरान सामने आया कि अभियुक्ता रजनी और अभियुक्त बन्टी के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस संबंध की जानकारी होने पर पति राजपाल लगातार विरोध करता था, जिससे दोनों नाराज थे।
इसी कारण रजनी और उसके प्रेमी बन्टी ने योजनाबद्ध तरीके से 17/18 मार्च 2026 की रात राजपाल के सिर और मुंह पर लाठी से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और इसे सामान्य घटना दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला खुल गया।
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



