Homeगाजियाबादसामाजिक

छबील के मीठे पानी से हुआ राहगीरों का गला तर

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)।सामाजिक एवं धार्मिक संस्था अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा द्वारा रविवार को प्रताप विहार स्थित प्राचीन शिवकुटी एवं चित्रगुप्त मंदिर पर मीठे पानी की छबील लगाई गई। इस सेवा कार्य में संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को छबील पर मीठा पानी पिलाया गया।
7 मई को आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की गई। उसके बाद मीठे पानी का वितरण शुरू किया गया। महासभा के अध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव और राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र बच्चन उपस्थित रहे। विजय श्रीवास्तव ने बताया कि जल सेवा करने से मनुष्य पुण्य का भागी बनता है। इसलिए हम सभी को जीव-जंतु के साथ-साथ गर्मी में लोगों को पानी पिलाने के लिए आगे आना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी को आपसी भाईचारे के साथ रहने का भी संदेश दिया।
महासभा के महासचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि यह मानव हित में सर्वोत्तम सेवा है। भीषण गर्मी व तपती धूप में राहगीरों को ठंडा और मीठा पानी या शर्बत पिलाने से उन्हें लू और गर्मी से काफी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि तपती दोपहरी में घर से कोई निकलता है और उसे ठंडा व मीठा पानी मिल जाए तो उसके लिए यह अमृत के समान है। साथ ही किसी को पानी पिलाकर उसकी प्यास शांत करना धर्म का कार्य है।
स्थानीय भाजपा पार्षद संतोष राणा ने संस्था के इस कार्य की सराहना की है। संस्था से जुड़ी किरण श्रीवास्तव ने बताया कि इस मौके पर पार्षद संतोष राणा, आनंद श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, शारदा सक्सेना, रमा सक्सेना, कुणाल सक्सेना, कुलदीप सक्सेना, मनोज श्रीवास्तव, सुनीता श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, निभा श्रीवास्तव, अभिलाषा सक्सेना, अर्चना, मालती आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button