
(आनन्द धारा,पवन शर्मा)
गाजियाबाद, 21 जून 2026, रविवार को सुविख्यात श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति, गाज़ियाबाद के तत्वावधान में माता राजेश्वरी आश्रम, सी-32, द्वितीय पटेल नगर, गाज़ियाबाद में विशाल योग प्रशिक्षण शिविर एवं मीठा शरबत वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम आश्रम प्रभारी पूजनीय महात्मा संयुक्ता बाई जी एवं पूजनीय महात्मा भूमिका बाई जी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रातःकाल बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन, क्षेत्रवासी, महिलाएं, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक योग शिविर में शामिल हुए।

योग प्रशिक्षण शिविर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विशेषज्ञ डॉ. आरुषि ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से थायराइड, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के निवारण एवं नियंत्रण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए नियमित योग एवं संतुलित आहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
योग सत्र के उपरांत स्वास्थ्य संबंधी विशेष परामर्श दिया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने अपनी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें आध्यात्मिक जीवन, मानव मूल्यों एवं आत्मिक उन्नति पर प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए गए।

दोपहर में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के लिए मीठे शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सेवा कार्य में सहयोग किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है। योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर व्यक्ति स्वस्थ, सकारात्मक एवं संतुलित जीवन जी सकता है।

मानव उत्थान सेवा समिति, गाज़ियाबाद के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।



