प्रोग्रेसिव स्कूल में वार्षिक उत्सव व क्रिसमस का भव्य आयोजन, नृत्य और नाटकों के माध्यम से दिया गया जल संरक्षण का संदेश

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। संजय नगर स्थित प्रोग्रेसिव हायर सेकेंडरी स्कूल में दिनांक 24 दिसम्बर 2025 को वार्षिकोत्सव एवं क्रिसमस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत से की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधन जे.पी. त्यागी, प्रधानाचार्या श्रीमती शशि त्यागी, उपप्रबंधक रतन भारद्वाज, उपप्रधानाचार्या श्रीमती वर्षा त्यागी तथा उपप्रधानाचार्या श्रीमती सुमन गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन समन्वयक श्रीमती असना मुमताज एवं संगीत शिक्षिका श्रीमती तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया।

वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों ने डांडिया, घूमर, नाटक, कविता पाठ, गीत तथा पर्यावरण प्रदूषण एवं जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। छात्रों की प्रस्तुतियों में सामाजिक संदेश भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधन महोदय द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए तथा सभी को धन्यवाद देते हुए नववर्ष की शुभकामनाएँ दी गईं। यह आयोजन विद्यालय के लिए एक यादगार एवं प्रेरणादायक अवसर रहा।




