
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। 58वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष व महिला खो-खो प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम में चयनित गाजियाबाद के खिलाड़ियों को आज 9 जनवरी 2026 को जे.डी. ग्लोबल पब्लिक स्कूल, राजनगर एक्सटेंशन में सम्मानित किया गया। समाजसेवी ललित जायसवाल, प्रधानाचार्या रचना त्यागी एवं कोऑर्डिनेटर मोनिका चौहान द्वारा चयनित खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की गई।
गौरतलब है कि 14 दिसंबर 2025 को गीता संजय मेमोरियल पब्लिक स्कूल, लोहिया नगर में आयोजित चयन/ट्रायल में प्रदेश भर से लगभग 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिसमें खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के चयनकर्ताओं द्वारा टीम का चयन किया गया।
उत्तर प्रदेश की पुरुष एवं महिला टीमें 11 से 15 जनवरी 2026 तक काजीपेट, तेलंगाना में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। गाजियाबाद से पुरुष टीम में शुभम शर्मा, मोहित पाल, रोहित पाल और रजत मलिक का चयन हुआ है। शुभम शर्मा को टीम का कप्तान बनाया गया है। महिला टीम में नेहा सिंह और मानसी गाजियाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस अवसर पर सभी चयनित खिलाड़ियों को जिला खो-खो एसोसिएशन गाजियाबाद की ओर से शुभकामनाएं दी गईं।



