
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़/पवन शर्मा)। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में 13 जनवरी 2026 मंगलवार को लोहड़ी का पर्व इस वर्ष भी हर्ष, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में मनाया गया। कॉलोनी निवासी धीर परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी शामिल हुए और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ लोहड़ी पर्व का आनंद लिया।
धीर परिवार ने सभी पड़ोसियों को अपने निवास पर आमंत्रित कर सामूहिक रूप से लोहड़ी मनाने की पहल की, जिससे आपसी मेल-जोल और भाईचारे का भाव और अधिक मजबूत हुआ। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पार्षद पति राजकुमार राजू उपस्थित रहे। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज में आपसी समरसता और एकता को बढ़ावा देने वाला बताया।

इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना कर अग्नि में तिल, गुड़ एवं मूंगफली अर्पित की गई। इसके उपरांत गीत-संगीत व नृत्य कार्यक्रमों ने समारोह को और भी रंगीन बना दिया, जिसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान धीर परिवार के राजीव धीर ने कहा कि पर्व हमें एक-दूसरे से जोड़ने और खुशियां साझा करने का संदेश देते हैं।



