
भोपाल,(आनन्द धारा न्यूज़)। द केरल स्टोरी की तर्ज पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित रूप से मतांतरण और देह व्यापार से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक मुस्लिम युवती और उसके कथित गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोप है कि गिरोह रोजगार दिलाने के नाम पर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद हिंदू युवतियों से संपर्क करता था। पहले उनसे दोस्ती की जाती, फिर आर्थिक और भावनात्मक सहारा देकर उनका भरोसा जीता जाता था। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर आरोपित युवती के भाई और प्रेमी के संपर्क में लाया जाता था।
पीड़िताओं का आरोप है कि उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया गया। कुछ युवतियों ने साहस दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है। सभी आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना व्यापक है।
प्रशासन ने युवतियों और उनके परिजनों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। मामले की जांच जारी है।



