शादी की खुशियां मातम में बदलीं: जयमाला के दौरान सरफिरे आशिक ने दुल्हन को मारी गोली

बक्सर,(आनन्द धारा न्यूज़)। बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब जयमाल कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर खड़ी दुल्हन को गोली मार दी गई। यह सनसनीखेज घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोली में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयमाल की रस्म चल रही थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे। इसी दौरान दुल्हन के कथित प्रेमी ने अचानक मंच के पास पहुंचकर उसके पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बारातियों और स्थानीय लोगों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
घटना का पूरा घटनाक्रम वहां लगे कैमरे में कैद हो गया। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल दुल्हन को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।



