Homeशिक्षा

बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 15 छात्रों ने राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया गौरव

गाजियाबाद,(आनन्द धारा), 28 फरवरी। शिक्षा वह पूंजी है जो कभी समाप्त नहीं होती, इसे प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं अर्जित करना होता है। जिसके पास यह पूंजी है, वह कभी किसी से कम नहीं होता।” ये प्रेरणादायी विचार बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल दिल्ली की प्रधानाचार्या संतोष आहूजा ने लायंस ओलिंपियाड फाउंडेशन दिल्ली द्वारा आयोजित नेशनल लेवल ओलंपियाड प्रतियोगिता के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ से सर्वश्रेष्ठ की ओर जाना ही जीवन का लक्ष्य है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को केवल परीक्षा नहीं, बल्कि उत्कृष्टता की संस्कृति के लिए तैयार करता है, और आज की यह उपलब्धि उसी सतत प्रयास का परिणाम है। शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय मंच पर भी विद्यालय के छात्र अनुकरणीय प्रदर्शन कर परिवार का एवं विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सिखाती है। चयनित विद्यार्थियों में कक्षा 6 से कक्षा 10 के 15 विद्यार्थियों ने आज की इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में भाग लिया। लायंस क्लब दिल्ली आईपीएक्स के अध्यक्ष लायन शैलेंद्र मोहन ने कहा कि आज के इस स्पर्धा मय जीवन शैली में  बच्चों को अपनी प्रारंभिक शिक्षा के साथ  प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी नींव को मजबूत बनाते हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन अनिल कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा ओलंपियाड प्रतियोगिता में भारतवर्ष को विभिन्न रीजन में विभाजित कर चरणबद्ध परीक्षाएँ आयोजित की गईं। प्रत्येक रीजन के श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया।

विद्यालय के पाँच मेधावी विद्यार्थियों ने नॉर्दर्न इंडिया रीजन में उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा सिद्ध करने का गौरव प्राप्त किया। लायंस ओलिंपियाड फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया गया यह मंच प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों की तार्किक क्षमता, भाषाई दक्षता और समग्र बौद्धिक विकास को नई दिशा प्रदान करती हैं।
अंत में विद्यालय के चेयरमैन श्री योगेश अरोड़ा ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वे राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियों का कीर्तिमान स्थापित करेंगे। आज की इस परीक्षा के समय हमारे संभागीय अध्यक्ष  एम जे एफ लायन वेद प्रकाश रुस्तगी जी ने मुख्य अतिथि के रूप में पधार कर बच्चों को आशीर्वाद दिया और उनका उत्साह वर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापको के साथ साथ लायन शैलेन्द्र मोहन, लायन अजय सिंघल, लायन उमेश चंद्र गुप्ता , लायन अनिल कुमार गुप्ता तथा लायन वेद प्रकाश रुस्तगी जी एवं श्री मनोज अग्रवाल जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button