
नई दिल्ली,(आनन्द धारा)। मिडिल ईस्ट में जारी इजरायल-ईरान संघर्ष का असर राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर साफ दिखाई दे रहा है। रविवार के बाद सोमवार को भी सैकड़ों उड़ानें प्रभावित रहीं। कई फ्लाइट्स रद्द की गईं, जबकि अनेक के रूट बदले गए हैं।
पश्चिम एशिया के कई देशों द्वारा अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद किए जाने के कारण एयरलाइंस को लंबी दूरी की उड़ानों के मार्ग बदलने पड़ रहे हैं। इसका सीधा असर दिल्ली से यूरोप, उत्तरी अमेरिका और खाड़ी देशों के लिए संचालित उड़ानों पर पड़ा है।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, रविवार को बड़ी संख्या में उड़ानों के समय में बदलाव किया गया, जबकि कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पूरी तरह रद्द कर दी गईं। सोमवार को भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और एयरलाइंस से संपर्क करने में भी परेशानी हो रही है।
एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें। कई कंपनियों ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हालात के अनुसार निर्णय लिए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक क्षेत्र में तनाव कम नहीं होता और हवाई क्षेत्र पूरी तरह से नहीं खुलता, तब तक उड़ानों के संचालन पर असर जारी रह सकता है। यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करने की सलाह दी गई है।



