
नई दिल्ली, 8 मार्च 2026,(आनन्द धारा)। सदगुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज जी की प्रेरणा से मानव उत्थान सेवा समिति एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में पंजाबी बाग स्थित श्री हंस सत्संग भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें लगभग 83, लोगों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पंजाबी बाग थाने के एसएचओ संजय दहिया, अग्रसेन हॉस्पिटल के वाइस प्रेसिडेंट वीरेंद्र गर्ग, फोर्टिस हॉस्पिटल के सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हरनीश सिंह भाटिया, डीएमआरसी के सीनियर मैनेजर दीपक धीमान, डीएमआरसी के चीफ कंट्रोलर जोगिंदर दलाल तथा एम्स अस्पताल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मंच पर मानव उत्थान सेवा समिति के महामंत्री महात्मा सत्यबोधानंद जी, मंत्री आनंदी प्रसाद जी, महात्मा प्रेमप्रागानंद जी और महात्मा रामतीर्थानंद जी मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है, जिससे हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा कम होता है तथा रक्त संचार बेहतर होता है।

महामंत्री महात्मा सत्यबोधानंद जी ने कहा कि संस्था आध्यात्मिक ज्ञान के प्रचार के साथ-साथ मिशन मेडिसिन और मिशन एजुकेशन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय है। कार्यक्रम के अंत में पूज्य माता श्री अमृता जी ने कार्यकर्ताओं व रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र द्वारा आशीर्वाद देकर उत्साहवर्धन किया। रक्तदान शिविर के आयोजन में मानव सेवा दल, शाखा आश्रम और यूथ विंग के कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन शंकर जी ने किया।



