
गाजियाबाद,(आनन्द धारा),14 मार्च 2026। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजियाबाद के तत्वावधान में शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनोद सिंह रावत ने की। इस दौरान मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी संजयवीर सिंह, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय मृदुल मिश्रा, एडीजे-01 अनिल कुमार चतुर्थ, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट नीरज गौतम, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत गौरव शर्मा तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय सिंह द्वितीय सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकृति के कुल लगभग 1,85,609 वादों का निस्तारण किया गया, जिनमें से 49,738 सुलह योग्य मामलों को आपसी समझौते से समाप्त कराया गया। अर्थदंड से दंडनीय मामलों में 38,49,786 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।

परिवार न्यायालय द्वारा वैवाहिक एवं भरण-पोषण से संबंधित 232 मामलों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर किया गया। इसके अलावा लेबर एक्ट, वाणिज्य अधिनियम, यूपी एक्ट-26, पुलिस अधिनियम, बाट-माप अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम, आबकारी अधिनियम एवं जिला परिषद अधिनियम से जुड़े लघु प्रकृति के मामलों का भी निस्तारण किया गया।
मोटर दुर्घटना प्रतिकर से जुड़े 101 मामलों में पक्षकारों को कुल 4,83,35,039 रुपये दिलाए जाने के आदेश पारित किए गए। वहीं बैंकों की लोन रिकवरी और बीएसएनएल से जुड़े 773 मामलों में 2,36,48,171 रुपये की वसूली के आदेश हुए।
राजस्व न्यायालयों से प्राप्त सूचना के अनुसार 1,34,994 राजस्व मामलों का भी निस्तारण किया गया। लोक अदालत के सफल आयोजन में अधिवक्ताओं, मीडियाकर्मियों तथा विधि छात्रों का विशेष सहयोग रहा।



